छिंदवाड़ा ताज़ा खबर: खजरी मार्ग पर मौत का तांडव, एक युवक गंभीर,दुकानें क्षतिग्रस्त,इलाके में हड़कंप।

भीषण हादसे में युवक गंभीर, सिर में जमे खून के थक्के—ICU में इलाज जारी
छिंदवाड़ा।
शहर के खजरी मार्ग पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार का खौफनाक नज़ारा देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित एसयूवी कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पहले सड़क किनारे खड़े खंभे से टकराई, इसके बाद पलटते हुए पास की दो दुकानों में जा घुसी। टक्कर से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
इस दुर्घटना में कार चालक वंश राजपूत (21 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार के एयरबैग तक नहीं खुल सके। हादसे के दौरान चालक के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।
सिर में जमे खून के थक्के, ICU में इलाज
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए घायल युवक को कार से बाहर निकाला और तत्काल निजी अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे नागपुर रेफर कर दिया।
नागपुर के निजी अस्पताल में युवक को आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सिर में खून के थक्के जम गए हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने अभी ऑपरेशन से इनकार किया है और लगातार निगरानी में इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेज गति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।

















