छिंदवाड़ा : परासिया के जंगलों में पल रहा था अवैध शराब का साम्राज्य, आबकारी की दबिश से मचा हड़कंप
परासिया के जंगलों में फल-फूल रहा था अवैध शराब का साम्राज्य, आबकारी विभाग के छापे से मचा हड़कंप
मेट्रो सिटी मीडिया छिंदवाड़ा।
परासिया वृत्त क्षेत्र के जंगलों में लंबे समय से संचालित हो रहे अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैध के मार्गदर्शन में की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम कोलखेड़ा एवं बेलगांव के वन क्षेत्रों में दबिश देकर जंगलों में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई अवैध सामग्री को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान ग्राम कोलखेड़ा के जंगल में 22 प्लास्टिक कुप्पियों में भरी लगभग 440 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद की गई। आवश्यक सैंपल लेने के पश्चात शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके पश्चात ग्राम बेलगांव के जंगल क्षेत्र में नाले के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 20 कुप्पियों से लगभग 400 किलोग्राम महुआ लाहन तथा एक कुप्पी में रखी 15 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की गई। इस प्रकार संपूर्ण कार्रवाई के दौरान कुल 840 किलोग्राम महुआ लाहन, 15 लीटर अवैध मदिरा, एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन, पाइप व अन्य उपकरण नष्ट किए गए।
इसी क्रम में न्यूटन क्षेत्र में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान वार्ड क्रमांक 11 के एक मकान से 4 लीटर हाथभट्टी शराब बरामद कर प्रकरण दर्ज किया गया।
पूरी कार्रवाई में कुल 05 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए, जिनमें मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं (च) के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की गई।
इस अभियान में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्री जीत सिंह धुर्वे, आरक्षक श्री ओम नारायण बाड़ने एवं दीपाली झारिया की विशेष भूमिका रही।
आबकारी विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

















