Metro City Mediaछिन्दवाड़ानगर निगम छिन्दवाड़ा

छिंदवाड़ा ताज़ा खबर: जल संकट पर महापौर विक्रम अहके सख्त, अवैध कनेक्शनों पर चलेगा निगम का डंडा

Metro City Media

शुद्ध जल, सुचारु वितरण और सख्ती के निर्देश

नगर निगम में जल प्रदाय व्यवस्था को लेकर महापौर ने ली विस्तृत समीक्षा

मेट्रो सिटी मीडिया | छिंदवाड़ा

नगर निगम सभागार में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर विक्रम अहके की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल प्रदाय विभाग के सभापति, तकनीकी अधिकारी तथा मैदानी अमला उपस्थित रहा।

समयबद्ध जल वितरण व टंकियों की नियमित स्वच्छता पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विक्रम अहके ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के किसी भी वार्ड में अशुद्ध जल की आपूर्ति कतई न हो। उन्होंने कहा कि जल टंकियों की नियमित अंतराल पर सफाई अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

महापौर ने जल वितरण का समय निर्धारित एवं नियमित रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में अनावश्यक विलंब या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

लीकेज पर त्वरित कार्रवाई, जल अपव्यय रोकने के निर्देश

तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पाइपलाइन में रिसाव की सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाए, जिससे जल की बर्बादी रोकी जा सके और आपूर्ति प्रभावित न हो।

अवैध कनेक्शनों पर होगी सख्त कार्रवाई

शहर में जल संकट एवं कम दबाव (लो प्रेशर) की समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने अवैध जल कनेक्शनों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्पूर्ण शहर में सर्वे कर अवैध कनेक्शनों की सूची तैयार की जाए। ऐसे कनेक्शनों को विच्छेदित करने के साथ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

मैदानी अमले से सीधा संवाद

समीक्षा बैठक के दौरान महापौर ने वालमैन, प्लंबर एवं सर्वेयरों से सीधे संवाद कर मैदानी स्तर पर आ रही समस्याओं और संसाधनों की कमी की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी व्यावहारिक समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

बैठक में जल प्रदाय एवं सीवरेज कार्य सभापति अरुणा मनोज कुशवाहा, सहायक यंत्री विवेक चौहान, भानु सूर्यवंशी सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

— मेट्रो सिटी मीडिया


Metro City Media

Metro City Media

CHHINDWARA MP STATE DIGITAL NEWS CHANNEL & ADVERTISER EDITOR - PARAKH MUKUND SONI CONTACT - 9424637011 CALL / WHATSAPP
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker