छिंदवाड़ा ताज़ा खबर : छेड़छाड़ की शिकायत पर कार्यवाही ठप , सांसद बंटी साहू के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस
छिंदवाड़ा जिले के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में स्थित धरमटेकड़ी चौकी में कॉलेज की एक छात्रा ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि कई घंटे गुजरने के बाद भी पुलिस ने न FIR लिखी, न ही कोई ठोस कार्रवाई की।यह लापरवाही मामला शुक्रवार को गंभीर रूप से उभरकर सामने आया।
परिवार का कहना है कि दोपहर 12 बजे वे शिकायत लेकर चौकी पहुँचे थे, मगर देर शाम तक न रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही अधिकारी मामले में सक्रिय दिखे। लंबा इंतजार कर रहे छात्रा के पिता भावुक हो गए और उन्होंने सांसद बंटी साहू से मदद मांगी।जैसे ही मामला सांसद तक पहुँचा, वे तुरंत धरमटेकड़ी चौकी पहुँचे और पुलिस अधिकारियों से जवाब-तलब किया। लापरवाही पर नाराज़ सांसद वहीं धरना देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकते हुए तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थिति बिगड़ते देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे और सांसद को भरोसा दिलाया कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों पर भी जांच होगी।पुलिस ने देर रात बताया कि छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी युवक की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही चौकी स्तर पर हुई लापरवाही पर विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी।
सांसद ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि ऐसे मामलों में देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
INSTAGRAM – https://www.instagram.com/metrocitymedia.in?igsh=MWswajlqZHZqdWt5bA==

















