छिंदवाड़ा : तमिया में आदिवासी हक की लड़ाई में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का भड़का आक्रोश , कृषि मंत्री का पुतला फूंका , SDM को ज्ञापन देकर राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग ।
छिंदवाड़ा – शुक्रवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुआ, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों व दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदेश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरावन भलावी ने कहा कि “जल, जंगल और जमीन हमारी पहचान है”- उन्होंने सरकार की नीतियों को आदिवासी समुदाय के लिए खतरनाक बताया। उनके अनुसार, सरकार उन अधिकारों को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसे वे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगे।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष आजाद अनवर कुरैशी ने आरोप लगाया कि किसानों व आदिवासियों का हक लगातार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार “जनता द्वारा नहीं, बल्कि EVM से बनी” है ऐसे में उसके फैसले जनता के हित में नहीं हो सकते।
प्रदर्शन के बाद गोंडवाना युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रवीण धुर्वे ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को सात दिनों के भीतर नहीं माना गया, तो वे राजधानी भोपाल जाकर मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी और किसान हितों की लड़ाई “सड़क से लेकर राजधानी तक” जारी रहेगी।
अंत में, बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ ज्ञापन लेकर प्रदर्शनकारियों ने तहसील कार्यालय पहुंच कर अपने धरने की मांगों को एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल तक भेजने की घोषणा की और कहा कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गईं, तो अगला आंदोलन और बड़ा होगा।

















