छिंदवाड़ा ताज़ा खबर: अयोध्या श्रीराम मंदिर में गूंजेगी छिंदवाड़ा की रामकथा – स्थानीय कलाकार देंगे ऐतिहासिक प्रस्तुति ।

श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का तीन दिवसीय शानदार मंचन आगामी 13, 14 और 15 दिसंबर को अयोध्या धाम में होने जा रहा है। यह अवसर सिर्फ एक धार्मिक प्रस्तुति नहीं, बल्कि छिंदवाड़ा जिले के लिए कला और परंपरा का अत्यंत गौरवपूर्ण पल बन चुका है।
यह प्रस्तुति छिंदवाड़ा-पांडुर्णा के सांसद विवेक बंटी साहू, वर्किंग टीम में मुख्य निदेशक वीरेंद्र शुक्ल , एवं अयोध्या के पूर्व सांसद लल्लू सिंह जी , महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि जी महाराज (तपोनिधि निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार, उत्तराखंड), मध्यप्रदेश गो संवर्द्धन बोर्ड, भोपाल (कैबिनेट मंत्री दर्जा) विशेष आतिथ्य में संपन्न होगी। इसके साथ ही अनेक साधु-संत, धार्मिक संगठन और भक्तगण भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
मंडल के अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया कि अयोध्या में होने वाला यह आयोजन छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक विरासत और लोककला का जीवंत प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि यह मंचन जिले के कलाकारों की वर्षों की तपस्या, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है, जिसे अब स्वयं भगवान श्रीराम की पावन जन्मभूमि में प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्य निर्देशक पंडित वीरेंद्र शुक्ल के अनुसार, श्रीराम मंदिर परिसर में प्रत्येक रात हो रहा पूर्वाभ्यास बेहद उत्साहपूर्ण है। कलाकार मंच सज्जा, संवाद की अभिव्यक्ति, युद्ध दृश्य, भाव-निरूपण और हर कलात्मक पहलू पर बारिकी से मेहनत कर रहे हैं, ताकि अयोध्या में प्रस्तुति प्रभावशाली और दर्शकों के लिए अविस्मरणीय बन सके।
सांसद विवेक बंटी साहू ने इस आयोजन को जिले के इतिहास में दर्ज होने वाला क्षण बताते हुए कहा कि छिंदवाड़ा की टीम अयोध्या में अपनी कला के माध्यम से श्रीरामकथा का भव्य चित्रण करेगी, जो पूरे जिले के लिए सम्मान का विषय है। उन्होंने मंडल को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
वर्किंग टीम में मंडल के संरक्षक कस्तूरचंद जैन, राजू चरणागर, सतीश दुबे लाला सहित सभी पदाधिकारी, कलाकार और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ तैयारी में लगे हुए हैं। कला प्रेमियों का मानना है कि अयोध्या में होने वाली यह भव्य प्रस्तुति छिंदवाड़ा की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती देगी और जिले की कला परंपरा को एक नई पहचान मिलेगी।
OFFICIAL INSTAGRAM METRO CITY MEDIA –https://www.instagram.com/metrocitymedia.in?igsh=MWswajlqZHZqdWt5bA==

















