छिंदवाड़ा : खेल, संगीत और सीख… बनगांव स्कूल की विदाई बनी यादगार।

मेट्रो सिटी मीडिया डेस्क |
बनगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनगांव में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विदाई समारोह में भावनाओं और प्रेरणा का सजीव दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम में नेर के प्राचार्य श्री आर.एस. बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन संस्था प्राचार्य श्री राजेश कुमार सनोडिया के मार्गदर्शन में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने वरिष्ठ साथियों को आत्मीय विदाई दी।
सरस्वती पूजन एवं वंदना से समारोह का शुभारंभ हुआ। इसके बाद कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए। म्यूजिकल चेयर और दौड़ जैसे खेलों ने कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता भर दी।
कार्यक्रम प्रभारी श्री कमलेश चौरासे द्वारा बागेश्वरी राग पर आधारित ग़ज़ल की प्रस्तुति ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। मुख्य अतिथि श्री बघेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा— “पहले शिक्षा से भविष्य मजबूत करो, शौक बाद में अपने आप पूरे होंगे।”
समारोह के अंत में विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं स्वल्पाहार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पूरे कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास का संदेश छोड़ा।

















