छिन्दवाड़ा वार्ड उपचुनाव: भाजपा के संदीप चौहान ने गुलाबरा में खिलाया कमल
नगर निगम में महापौर सहित बहुमत के बाद भी कांग्रेस को झटका

♦ छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
नगर निगम छिन्दवाड़ा के वार्ड – 42 गुलाबरा के उपचुनाव में भाजपा के संदीप चौहान ने कमल खिलाया है। परिणाम से भाजपा गद – गद है और इसे भविष्य के लिए मतदाताओं के रुख का बड़ा संकेत मां रही है। वार्ड के पार्षद राजेश भोयर का स्वर्गवास हो जाने के कारण यहां उप चुनाव हुआ है।राजेश ने भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव जीता था और फिर भाजपा का दामन थामा था। नगर निगम में कांग्रेस महापौर सहित पार्षदों के बहुमत में है इसके बावजूद चुनाव हार जाना कांग्रेस के लिए किसी बड़े झटके से कम नही है। इसका सीधा सा अर्थ माना जा रहा है कि नगर निगम में कांग्रेस का कब्जा है जरूर लेकिन अपने 10 माह जे कार्यकाल में वह कोई छवि बना पाई है ना ही छाप छोड़ पाई है।
दूसरी बड़ी बात यह है कि छिन्दवाड़ा से मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ विधायक है।उनके विधान सभा क्षेत्र में एक वार्ड का उप चुनाव कांग्रेस जीत नही पाई है । इसे मतदाताओं का बदला मिजाज मानकर भाजपा आने वाले विधान सभा चुनाव के लिए परिणाम को शुभांकर मान रही है। कांग्रेस ने यहां राजू स्वामी को उम्मीदवार बनाया था।
चुनाव में दोनों ही दलों ने गुलाबरा में पूरी ताकत झोंक रखी थी। माहौल विधानसभा चुनाव की तरह था ।गुलाबरा शहर की सबसे घनी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू की टीम ने लगातार कड़ी मेहनत की स्वयं बंटी साहू प्रत्याशी संदीप सिंह चौहान के साथ लगातार जंन संपर्क पर थे। पिछले चुनाव में गुटबाजी के चलते इस वार्ड से भाजपा के प्रत्याशी दिनेश मालवी चुनाव हार गए थे। भाजपा ने इस उपचुनाव में गुटबाजी को पनपने का मौका ही नही दिया। गुलाबरा चुनाव में कांग्रेस के कोई हथकंडे काम नही आए। जबकि चुनाव में पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ,महापौर विक्रम अहके सहित कांग्रेस संगठन सहित सभापति और पुरा पार्षद दल जुटा हुआ था।
दोनों के नेता यहां वोट मांगने गुलाबरा की गलियों की खाक तो छान ही रहे थे वही हर हथकंडे भी यहां अपनाए गए थे। घोषित परिणाम के अनुसार भाजपा के संदीप सिंह चौहान को 1226 वोट मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी राजू स्वामी को 790 वोट मिले। जीत पर संदीप सिंह चौहान ने कहा, ‘यह जनता की जीत है। भाजपा के जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू की जीत है।भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू का कहना था कि सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का यह परिणाम है। आने वाला विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की जीत होगी।
छिन्दवाड़ा के चुनाव परिणाम की प्रदेश में भी जमकर प्रतिक्रिया चल रही है। नतीजों पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बोले कि छिन्दवाड़ा की जनता ने छोटे चुनाव से कमलनाथ को बड़ा आइना दिखा दिया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विधानसभा चुनाव होने वाले हैं इससे पहले छिन्दवाड़ा से शुभ संदेश मिला है।
मतगणना गुरुवार को पी जी कालेज में हुई। कलेक्टर शीतला पटले ने परिणाम घोषित कर संदीप चौहान को जीत का प्रमाण पत्र दिया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओ की खुशियों का ठिकाना नही रहा। प्रतिक्रिया में तो संदीप चौहान यहां तक बोले कि यह कमलनाथ के दारू और रुपए की हार है।