परासिया सिविल अस्पताल में इंसानियत शर्मसार: टॉयलेट में फंसा मिला नवजात का शव, सबूत मिटाने की कोशिश!

छिंदवाड़ा | मेट्रो सिटी मीडिया
मध्य प्रदेश के जिला छिंदवाड़ा / परासिया से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था और इंसानियत—दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परासिया सिविल अस्पताल के टॉयलेट में सोमवार को नवजात शिशु का शव कमोड में फंसा मिला, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई।
घटना उस समय उजागर हुई जब ओपीडी के दौरान एक महिला कर्मचारी टॉयलेट गई। फ्लश करने पर पानी नहीं बहा तो उसने अंदर झांककर देखा। वहां का नज़ारा देखकर वह घबरा गई—कमोड में नवजात का सिर और हाथ दिखाई दे रहा था। तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही प्रबंधन हरकत में आया। एएनसी, पीएनसी वार्ड और लेबर रूम की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई भी ऐसी महिला नहीं मिली, जिसने प्रसव के बाद बच्चे के बिना अस्पताल छोड़ा हो। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
देर शाम पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नगर पालिका कर्मचारियों और अस्पताल स्टाफ की मदद से टॉयलेट तोड़कर शव निकालने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन नवजात का शव कमोड में बुरी तरह फंसा होने के कारण कई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।
- सबूत मिटाने की नाकाम कोशिश?
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी महिला ने अस्पताल में ही टॉयलेट के भीतर डिलीवरी की और मामले को दबाने के इरादे से नवजात को बहाने की कोशिश की। हालांकि यह प्रयास विफल रहा और मामला सामने आ गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, ओपीडी रिकॉर्ड और स्टाफ से पूछताछ की जा रही है।
- बड़ा सवाल
क्या अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के पीछे लापरवाही है या सुनियोजित साजिश? जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
OFFICIAL INSTAGRAM METRO CITY MEDIA https://www.instagram.com/metrocitymedia.in?igsh=MWswajlqZHZqdWt5bA==

















