क्या सुरक्षित है जबलपुर?चाकू से हमला कर डॉक्टर को उतारा मौत के घाट, पुलिस अलर्ट।

जबलपुर | Metro City Media
ओवरब्रिज के नीचे डॉक्टर की निर्मम हत्या, इलाके में दहशत
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सहसपुर ओवरब्रिज के नीचे देर रात एक युवक डॉक्टर की गला रेतकर नृशंस हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान डॉ. अभिषेक उर्फ महेंद्र साहू (उम्र लगभग 27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पाटन थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। अज्ञात बदमाशों ने डॉक्टर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस, सीएसपी, एवं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया तथा घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हो चुकी है। मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस जघन्य हत्या की घटना से स्थानीय नागरिकों में गहरी नाराजगी है। लोग क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

















