छिंदवाड़ा नगर निगम पर गंभीर आरोप,40 महिला सफाई कर्मचारियों का मामला पहुँचा दिल्ली, राष्ट्रीय आयोग में गूंजा छिंदवाड़ा।

छिंदवाड़ा/नई दिल्ली | Metro City Media
40 महिला सफाई कर्मचारियों का मामला पहुँचा राष्ट्रीय आयोग तक, प्रकाश मेहरोलिया के नेतृत्व में उठा न्याय का सवाल
छिंदवाड़ा नगर निगम द्वारा कार्य से हटाई गई 40 अनुबंधित महिला सफाई कर्मचारियों के मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर दस्तक दे दी है। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति युवजन समाज के जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश मेहरोलिया के नेतृत्व में यह मामला राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, नई दिल्ली तक पहुँचाया गया है।
संगठन के जिला महासचिव श्री सुमित भांवरकर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला अध्यक्ष प्रकाश मेहरोलिया के मार्गदर्शन एवं सक्रिय पहल पर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग में ठोस तथ्यों एवं दस्तावेजों के साथ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के पूर्व सदस्य (केंद्रीय मंत्री दर्जा) श्री हरिराम सूत ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव श्री के.के. पर्चा, उत्तरप्रदेश अध्यक्ष श्री कैलाशचंद वाल्मीकि, महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती शारदा चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
तत्काल बहाली और आपराधिक कार्रवाई की मांग
आयोग के समक्ष यह मांग प्रमुखता से रखी गई कि अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित 40 महिला सफाई कर्मचारियों को तत्काल पुनः सेवा में लिया जाए, साथ ही छिंदवाड़ा नगर निगम आयुक्त के विरुद्ध अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
शिकायत दर्ज कराने के उपरांत संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद जिनवाल के निवास पर एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार एवं भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष प्रकाश मेहरोलिया ने छिंदवाड़ा की महिला सफाई कर्मचारियों के साथ हुए अन्याय का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जिनवाल ने आश्वासन दिया कि छिंदवाड़ा की 40 महिला सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए यह आंदोलन पूरे देश में चलाया जाएगा। संगठन ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक पीड़ित महिलाओं को न्याय नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा।
मामले ने तूल पकड़ा, अब निगाहें राष्ट्रीय आयोग की कार्रवाई पर।
खबर पर नजर, अपडेट जारी…

















