छिन्दवाडा के चन्दनगांव में पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत से गिरा मजदूर, जिला अस्पताल में हो गई मौत
रात एक बजे चल रहा था निर्माण, कोतवाली पुलिस कर रही जांच

♦छिन्दवाडा मध्यप्रदेश –
छिन्दवाडा सिटी के चन्दनगांव में निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत से गिरकर कल रात करीब एक बजे एक मजदूर की मौत हो गई है। यह इमारत दद्दा जी फर्नीचर लालबाग के संचालक बलराम विश्वकर्मा की बताई गई है। सवाल यह है कि रात एक बजे इमारत का निर्माण क्यो चल रहा था। क्या इमारत नगर निगम की अनुमति के बिना बन रही है। रात में इमारत में क्या चोरी – छिपे निर्माण चल रहा था। मजदूर की मौत के बाद भी नगर निगम इतना लापरवाह है कि कोई कार्रवाई को तैयार नही है। निगम का कोई अधिकारी निरीक्षण तक के लिए मौके पर नही गया है। मजदूर की मौत पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार चन्दनगांव से भरतादेव रोड पर बजरंग नगर में गोदाम के नाम पर यह इमारत बन रही है। इमारत देखकर ही लग रहा है कि बिना कोई नक्शा ले – आउट के बन रही है। एक – एक कर यहां पांच मंजिल बना दी गई है। शनिवार की देर रात एक बजे यहां इमारत में दर्जन भर से ज्यादा मजदूर पांचवी मंजिल पर कार्य कर रहे थे कि तभी अचानक एक युवा मजदूर अमन पिता मनोज उइके पांचवी मंजिल से सीधे नीचे गिर गया। गिरने से उसके रीढ़ की हड्डी के साथ ही दोनों पैर की हड्डी चुरा हो गई। अत्यधिक रक्त स्त्राव भी हो गया।
मजदूर को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया है। घटना की खबर पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। मजदूर के परिजनों से बात की और चन्दनगांव जाकर मौका मुआयना भी किया कि कही किसी ने मजदूर को पांचवी मंजिल से धक्का तो नही दे दिया। आखिर मजदूर पांचवी मंजिल से गिरा कैसे यह जांच का विषय है और रात एक बजे बिल्डिंग में निर्माण क्यो चल रहा था। कोतवाली उपनिरीक्षक नारायण बघेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बिल्डिंग को लेकर नगर निगम से भी रिपोर्ट मंगाई गई है।
नगर निगम में दो दर्जन से ज्यादा बिल्डिंग इंसेक्टर है लेकिन करते क्या है यह इसी बात से समझा जा सकता है कि शहर के चन्दनगांव में भरतादेव मार्ग के बजरंग नगर में रात एक बजे निर्माण चल रहा था। इस दौरान एक मजदूर की मौत हो गई है। शहर में ऐसे बहुत से निर्माण है जो बिना अनुमति के है। नक्शा कुछ है निर्माण कुछ है। दिन में तो निर्माण हो ही रहा है अब रात में भी होने लगा है। नगर निगम के जवाबदार अधिकारी बिल्डिंग इंसेक्टर की जवाबदारी तय करे या फिर यह पद समाप्त कर नगर वासियो को चाहे जैसा निर्माण करने की छूट दे दे।