लाड़ली बहना गेम चेंजर: मध्यप्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत, 140 से 162 सीट मिलने का अनुमान
कांग्रेस 68 से 90 पर अटकी, 100 का आंकड़ा भी पार नही

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की “लाडली बहना” योजना ” गेम चेंजर” बन गई है। आज तक एक्सिस माय इंडिया के मतगणना पूर्व ” एग्जिट पोल” के मुताबिक मध्यप्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। “एग्जिट पोल” के मुताबिक भाजपा को मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत मिल रहा है। भाजपा पिछले चुनाव से कही ज्यादा सीट मध्यप्रदेश में हासिल कर रही है।एग्जिट पोल में बताया गया है कि भाजपा को 140 से 162 और कांग्रेस को 68 से 90 सीट मिल सकती है। एग्जिट पोल में ही कांग्रेस 100 का भी आंकड़ा पार करती नजर नही आ रही है। पिछले चुनाव में भाजपा को 109 सीट मिली थी किन्तु इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 140 से 162 तक पहुंच सकता है। कांग्रेस 115 से सिमटकर अब 68 से 99 सीट तक ही बताई गई हैं।
मध्यप्रदेश के किसी भी अंचल में कांग्रेस लीड नही कर रही है। भाजपा को हर अंचल में बढ़त मिल रही है। निमाड़, भोपाल, बुंदेलखंड, बघेलखंड, चंबल, महाकौशल, और मालवा में भाजपा बढ़त बनाए हुए हैं। इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की ” लाडली बहना” योजना का बड़ा असर माना जा रहा है। मतगणना के बाद यदि “एग्जिट पोल” सही बैठा तो इस जीत को भाजपा की अब तक की सबसे बड़ी जीत भी कहा जा सकता है।
इस सर्वे के साथ ही मध्यप्रदेश में यह भी तय हो गया है कि मध्यप्रदेश में ” शिवराज सिंह” ही पांचवी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। एग्जिट पोल ने मध्यप्रदेश में मतगणना से पहले भाजपा को खुश कर दिया है। बात वोट शेयर की हो तो भाजपा को 47 प्रतिशत और कांग्रेस को 41 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं।अंचलवार सीट में निमाड़ की 18 सीट में से भाजपा को 12 कांग्रेस को 6, भोपाल की 20 सीट में भाजपा को 12 कांग्रेस को 8, बुंदेलखंड की 26 सीट में कांग्रेस को 18 कांग्रेस को 8, बघेलखंड की 30 सीट में भाजपा को 18 कांग्रेस को 11, चंबल की 34 सीट में से भाजपा को 19 कांग्रेस को 14, महाकौशल की 45 सीट में से भाजपा को 32 कांग्रेस को 15 और मालवा की 55 सीट में से भाजपा को 40 और कांग्रेस को 15 सीट का अनुमान बताया गया है। कांग्रेस मध्यप्रदेश के किसी भी अंचल में लीड नही कर रही है। एग्जिट पोल में अन्य दल को भी तीन सीट मिलने का अनुमान है।
आज तक के साथ ही अन्य नेशनल चैनल्स के प्रायः सभी “एग्जिट पोल” भी मध्यप्रदेश में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार ही बना रहे हैं। अब वास्तविक परिणाम को केवल दो दिन शुक्रवार- शनिवार ही शेष है। रविवार को सब कुछ प्रमाणित रूप से सामने होगा।फिलहाल एग्जिट पोल ने मध्यप्रदेश में ” भाजपा” का एक बार फिर “डंका” बजा दिया है।