शराब माफिया के हौसले बुलंद ! , छिंदवाड़ा में कानून को खुली चुनौती, आबकारी कार्यालय बना रणक्षेत्र।

मेट्रो सिटी मीडिया छिंदवाड़ा।
जिले के लावाघोघरी क्षेत्र अंतर्गत पटानिया गांव से जुड़ी एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आबकारी विभाग की टीम द्वारा अवैध शराब के मामले में पकड़े गए आरोपी युवक को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के तहत छिंदवाड़ा तहसील कार्यालय के समीप स्थित आबकारी कंट्रोल रूम में अभिरक्षा में रखा गया था।
इसी दौरान मंगलवार सुबह लगभग 11:30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण आबकारी कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां हंगामा करते हुए आरोपी युवक को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के समय मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के पश्चात आबकारी विभाग ने तत्काल कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सरकारी अभिरक्षा से आरोपी को छुड़ाकर ले जाना अत्यंत गंभीर एवं दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। मामले में आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) के अंतर्गत पहले से ही प्रकरण पंजीबद्ध है , और यही नहीं यह शराब माफिया प्रशासन को कई दिनों से चकमा देते आ रहा है।
वहीं दूसरी ओर, आरोपी के समर्थन में कुछ ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचे, जहां आबकारी टीम पर मारपीट के आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा गया।
फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपी को पुनः अभिरक्षा में ले लिया गया है। इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट – परख मुकुंद सोनी

















