60 लाख का लेन – देन , छिन्दवाड़ा में गांधी गंज के व्यापारी महेश साहू को दे दिया जहर
चंद मिनटों में तबीयत बिगड़ी और हो गईं मौत, कोतवाली पुलिस कर रही जांच

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश –
छिन्दवाड़ा के प्रमुख व्यावासायिक केंद्र गांधी गंज के एक व्यापारी महेश साहू को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया गया है। घटना से गांधी गंज के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने घटना की जांच और आरोपियों को अरेस्ट करने की मांग को लेकर बुधवार को गांधी गंज बंन्द का आह्वान कर दिया है। घटना को लेकर बताया गया कि व्यापारी महेश साहू शहर के ही राजपाल चौक निवासी सौरभ चौरसिया के घर गया था। दोनों के बीच करीब 60 लाख का लेन – देन था। यहां सौरभ ने महेश साहू को चाय पिलाई और फिर थोड़ी ही देर में महेश साहू की तबीयत बिगड़ी और फिर उनकी मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने प्रकरण जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार महेश साहू अनाज व्यापारी है। गांधी गंज में उनकी बड़ी फर्म है। राजपाल चौक निवासी सौरभ चौरसिया से करीब 60 लाख का उनका लेन – देन था। इसी सम्बंध में सौरभ ने आज महेश साहू को अपने घर बुलाया था। महेश साहू अपने बड़े भाई और भतीजे को बताकर सौरभ के घर गया था। यहाँ सौरभ ने उसे चाय पिलाई जिसके बाद महेश बेहोश हो गया।
तब सौरभ चौरसिया ने महेश साहू के भतीजे को फोन लगाया कि तुम्हारे चाचा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। भतीजा सौरभ के घर पहुंचा तो महेश की हालत खराब थी। तत्काल उन्हें आनंद हॉस्पिटल ले जाया गया आनंद हॉस्पिटल ने महेश को गंभीर बताया और विवांता हॉस्पिटल ले जाने कहा।। यहां डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार कर नागपुर ले जाने कहा। महेश को तत्काल ही एम्बुलेंस से नागपुर ले जाया जा रहा था कि मार्ग में उन्होंने दम तोड़ दिया।
उन्हें वापस जिला चिकित्सालय लाया गया और कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। घटना की खबर जैसे ही गांधी गंज पहुंची तो व्यापारियों आक्रोश में आ गए। बड़ी संख्या में व्यापारी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की है।गांधी गंज व्यापारी मण्डल ने घटना के विरोध में कल बुधवार को गांधी गंज सहित कुसमैली मंडी बंद का आह्वान किया है।
महेश साहू के बड़े भाई गणेश साहू ने बताया कि महेश ने आनंद हॉस्पिटल में बताया कि उसे चाय में कुछ दिया गया था। जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई थी बेहोशी आ गई थी। इसके बाद महेश कुछ देर में ही मौत की आगोश में समा गया। घर पर वह पूरी तरह स्वस्थ था। बताकर गया था कि मैं सौरभ के घर जा रहा हूँ। उसने रुपया देने बुलाया है। लेकिन उसे लेन -देन के रुपयों की जगह जहर के साथ मौत दे दी गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि गांधी गंज के व्यापारी महेश साहू की मौत के मामले की जांच की जा रही है। मामला जहर खुरानी का है। सौरभ के घर चाय पीने के बाद यह हादसा हुआ है। सौरभ से महेश का लाखो का लेन – देन था। जल्द ही मौत के सच का पूरा खुलासा किया जाएगा।