विवेक साहू ने पलटकर रख दिया छिन्दवाड़ा का इतिहास, एक लाख की बढ़त, कांग्रेस का किला ध्वस्त
नकुलनाथ ने मतगणना स्थल छोड़ा, कमलनाथ ने स्वीकार की हार

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश –
छिन्दवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के विवेक बंटी साहू ने अब तक के 70 सालों के इतिहास पलट कर रख दिया है। वे छिन्दवाड़ा से भाजपा के पहले सांसद बनने जा रहे हैं। पी जी कालेज में चल रही मतगणना में 13 वे राउंड तक उन्होंने कांग्रेस के नकुलनाथ को पछाड़ते हुए एक लाख से ज्यादा वोटो की बढ़त बनाकर कांग्रेस के लिए जीत के सभी दरवाजे बंद कर दिए हैं। इस लीड को कव्हर करना अब कांग्रेस के बस की बात नही रही है जबकि अभी चार राउंड की मतगणना अभी और होना है। खास बात यह है कि विवेक बंटी साहू लोकसभा क्षेत्र के किसी एक नही बल्कि सातों विधानसभा क्षेत्र से बढ़त बनाए हुए हैं। अब तक के 13 राउंड की मतगणना में एक भी राउंड ऐसा नही रहा है जब नकुलनाथ को बढ़त मिली हो। मतगणना पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अधिकृत परिणाम की घोषणा करेंगे जिसमे अभी समय है।
कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ ने भाजपा के विवेक बंटी साहू की हर राउंड में बढ़ती लीड के चलते मतगणना स्थल पी जी कालेज का मैदान भी छोड़ दिया है। साथ ही कांग्रेस नेता कमलनाथ ने छिन्दवाड़ा से अपनी हार स्वीकार कर ली है।अब नकुलनाथ वापस दिल्ली जाने की तैयारी में है। भाजपा के लिए यह अवसर 70 सालों में पहली बार आया है। 18 वी लोकसभा के चुनाव में भाजपा को यह सफलता मिली है। जबकि 17 लोकसभा में कांग्रेस के ही सांसद छिन्दवाड़ा से रहे हैं। अकेले कमलनाथ 9 बार और पिछले लोकसभा में उनके पुत्र नकुलनाथ सांसद चुने गए थे।
इस मायने में छिन्दवाड़ा कांग्रेस का अभेद गढ़ था। जहां भाजपा की जीत एक सपना ही बनकर रह गया था। किंतु छिन्दवाड़ा के मतदाताओं ने अब कांग्रेस का सारा तिलस्म तोड़कर रख दिया है। भाजपा के विवेक बंटी साहू पर भरोसा जताया है। भाजपा ने इस बार बंटी साहू के साथ बड़े दावे से चुनाव लड़ा और बड़ी ताकत झोंकी थी। अकेले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ही चुनाव के दौरान आठ बार छिन्दवाड़ा आए थे। इस बार छिन्दवाड़ा में मोदी फेक्टर जमकर हावी रहा है।
विवेक बंटी साहू भाजपा के पहले ऐसे नेता बन गए हैं जिन्हें छिन्दवाड़ा में कांग्रेस का किला ध्वस्त कर भाजपा का पहला सांसद बनने का गौरव हासिल होने जा रहा है। इसके पूर्व वर्ष 1996 में पूर्व मुख्यमंत्री सुंदर लाल पटवा उपचुनाव में छिन्दवाड़ा के सांसद बने थे। परिणाम ने भाजपा को खुशियों से भर दिया है।विवेक बंटी साहू को भाजपा ने छिन्दवाड़ा का नया नेता बनाया है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष से अपना सफर शुरू करने वाले विवेक साहू को पार्टी ने कांग्रेस के दिग्गज रहे कमलनाथ के मुकाबले दो बार विधानसभा का चुनाव लड़ाया था। दोनो चुनाव में भले ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा मगर अब छिन्दवाड़ा लोकसभा की किसी एक नही बल्कि सातों सीट से बढ़त जीत का नया इतिहास रचने जा रही है।