Metro City Mediaछिन्दवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति

दगाबाजों पर होगी कार्रवाई, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक साहू के नेतृत्व में कल बैठक, अब लोकसभा चुनाव की तैयारी

पांच दिन भोपाल में सी एम, पूर्व सी एम , प्रदेश अध्यक्ष के साथ मन्त्रियों से की मुलाकात

Metro City Media

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-

भाजपा प्रदेश संगठन ने छिन्दवाड़ा को लेकर स्थिति साफ कर दी है कि भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू के नेतृत्व में जिला संगठन अब लोकसभा चुनाव की तैयारी करेगा। विधानसभा चुनाव में पराजय की वजह में आए दगाबाजों पर कार्रवाई भी होगी। पांच दिनों के भोपाल दौरे के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष छिन्दवाड़ा लौट आए हैं। इस बीच पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने उन्हें पुनः पार्टी के फूल फ्लैश जिला अध्यक्ष की जवाबदेही भी दी है।  भाजपा के  जिला अध्यक्ष विवेक साहू बंटी  कल जिला भाजपा की बैठक लेंगे। बैठक में लोकसभा प्रभारी नरेश दिवाकर और जिला संगठन प्रभारी संतोष पारिख भी उनके साथ रहेंगे। अब पार्टी का पूरा फ़ोकस लोकसभा चुनाव पर रहेगा। बैठक में शायद वे नेता नही होंगे जिन पर भीतरघात के आरोप है।

भोपाल प्रवास पर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने पार्टी नेताओं के समक्ष विधानसभा चुनाव की रिपोर्ट प्रस्तुत की है। रिपोर्ट में  हार को लेकर भीतरघात को एक बड़ा कारण बताया गया है। साथ ही पार्टी के खिलाफ  कार्य करने वाले नेताओं के खिलाफ प्रदेश संगठन स्तर पर कार्रवाई की मांग रखी है । पार्टी के  नेताओं ने छिन्दवाड़ा के मामले को गंभीरता से समझा है कि आखिर केंद्र और प्रदेश संगठन के लगातार नजर में रहने वाले छिन्दवाड़ा में कौन – कौन नजर फेर गया कि परिणाम में इतना बड़ा उलटफेर हो गया कि सात में से एक सीट भी भाजपा के खाते में नही आई। अब इन नेताओं पर कार्रवाई की बात प्रदेश संगठन ने कही है। छिन्दवाड़ा का परिणाम भी प्रदेश संगठन के गले नही उतर रहा है। चलो मान भी लेते कि कमलनाथ दिग्गज है लेकिन बाकी छह सीट के कांग्रेस प्रत्याशी कौन से दिग्गज थे। जहाँ तक सवाल छिन्दवाड़ा सीट का था तो यहां तो पार्टी ने कमलनाथ की घेरेबंदी के लिए क्या नही किया किन्तु लगता है यहाँ भाजपा कांग्रेस से नही बल्कि भाजपा से ही हार गई है। इस मामले में तो प्रदेश  भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने तो साफ ही कर दिया है कि ऐसे नेताओं का राजनीतिक भविष्य शून्य हो चुका है जिन्होंने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया है।

गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान  प्रियवर ठाकुर को कार्यवाहक जिला अध्यक्ष बनाया गया था। अब विवेक साहू पुनः फूल फ्लैश अध्यक्ष हो गए हैं। भोपाल  में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ,पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा , प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के साथ  ही कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य नेताओं से मुलाकात की है।

छिंदवाड़ा में पार्टी के हार के कारणों के साथ ही हाल ही में हुए  घटनाक्रम पर  प्रदेश  नेताओ ने सख्त कार्यवाही का मन बना लिया है। पार्टी नेताओं का कहना था कि छिन्दवाड़ा विशेष फोकस वाला क्ष्रेत्र है। अब तो विधानसभा के बाद छिन्दवाड़ा सहित पूरी 29 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य है। भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ नत्थन शाह, लखन वर्मा, मोनिका बट्टी, ज्योति डेहरिया सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी और बीस से ज्यादा मंडलों के अध्यक्ष भोपाल पहुंचे थे। छिन्दवाड़ा लौटकर भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कहा है कि छिन्दवाड़ा लोकसभा जीतने का लक्ष्य है। पार्टी कल जिला बैठक के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी।


Metro City Media

Metro City Media

Chhindwara MP State Digital News Channel & Advertiser Editor-Mukund Soni Contact-9424637011

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker