अमरवाड़ा नगर पालिका का लापरवाह सी एम ओ , कलेक्टर ने नगरीय प्रशासन आयुक्त को भेजा निलंबन प्रस्ताव
चप्पल कांड के बाद से गायब है सी एम ओ, दोहरे प्रभार में होने का नही उठा पा रहे भार

♦छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश-
अमरवाड़ा नगर पालिका के लापरवाह सी एम ओ रोशन सिंह बाथम के निलंबन का प्रस्ताव कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने नगरीय प्रशासन आयुक्त को भेजने के आदेश दिए हैं। सी एम ओ लगातार एक माह से अवकाश पर है । उनका अवकाश 10 सितम्बर तक ही था। इसके बाद उन्होंने वापस ज्वाइन नही किया है। अवकाश अवधि में सी एम ओ का चार्ज परासिया नपा की सी एम ओ साक्षी बाजपेई को दिया गया था।
इस लापरवाही पर कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने ए डी एम के सी बोपचे को निलम्बन प्रस्ताव तैयार कर नगरीय प्रशासन आयुक्त को भेजने के आदेश दिए हैं। दरअसल सी एम ओ रोशन सिंह बाथम नगर पालिका अमरवाड़ा में हुए “चप्पल कांड” के बाद से गायब है। मामले में अमरवाड़ा पुलिस ने दो महिला पार्षदों सहित 9 लोगो के विरुद्ध अपराध दर्ज किया था। इस कांड के बाद से ही सी एम ओ जो अवकाश पर गए तो फिर लौटे ही नही है।
कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के आदेश पर ही सी एम ओ के मेडिकल लीव पर होने पर अमरवाडा नपा का चार्ज परासिया नगर पालिका की सी एम ओ साक्षी बाजपेई को दिया था। वे परासिया के साथ ही अमरवाड़ा नपा का भी कामकाज देख रही थी। बताया गया कि सी एम ओ के मेडिकल लीव से ना लौटने पर कलेक्टर ने सी एम ओ रोशन सिंह बाथम की लापरवाही पर उन्हें निलम्बित करने का प्रस्ताव नगरीय प्रशासन आयुक्त को भेजने के आदेश दिए हैं। सी एम ओ रोशन सिंह बाथम के पास सी एम ओ अमरवाड़ा के साथ ही पी ओ डूडा का भी चार्ज है। उनकी अनुपस्थिति के कारण दोनों कार्यालयों का कामकाज प्रभावित है। शिकायत यह भी है कि बाथम पी ओ डूडा के नाम से अमरवाड़ा से और अमरवाड़ा सी एम ओ के नाम से पी ओ डूडा से गायब रहा करते थे। अब दोनों प्रभार उनके हाथ से निकलने का समय आ गया है।
नए सी एम ओ की पदस्थापना जल्द ..
बताया गया कि नगरीय प्रशासन विभाग जल्द ही अमरवाड़ा नपा में नए सी एम ओ की पदस्थापना कर सकता है। साथ ही पी ओ डूडा में भी नए अधिकारी की नियुक्ति होगी। अमरवाड़ा सी एम ओ के दोहरे प्रभार पर रहने के बाद भी लापरवाही पर नगरीय प्रशासन आयुक्त ने भी भारी नारजगी जताई है।