देश के लिए समस्या और बोझ है कांग्रेस, छिन्दवाड़ा को विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा, दशहरा मैदान की सभा मे बोले उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ” योगी आदित्यनाथ”
कहा विवेक बंटी साहू को विधायक बनाओ आपकी "अयोध्या" की यात्रा पक्की

♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
कांग्रेस देश के लिए समस्या और बोझ है। कांग्रेस ने देश को आंतकवाद, नक्सलवाद, अलगाववाद, भ्र्ष्टाचार, बेरोजगारी, भुखमरी जैसी समस्या दी है। भाजपा ने देश को एक नए भारत के दर्शन कराए हैं। दुनिया को अपनी ताकत का अहसास कराकर सुरक्षित देश के रूप में पहचान बनाई है।आत्मनिर्भर भारत बनाया है। कांग्रेस समस्या है भाजपा समाधान है। यह बात उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ” योगी आदित्यनाथ” ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार थमने से पहले छिन्दवाड़ा के दशहरा मैदान में भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही। उनके आगमन पर हजारो की संख्या में लोग दशहरा मैदान पहुंचे थे। उनके मंच पर आते ही लोगों ने ” जय श्री राम” के जय घोष के साथ उनका स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि आज देश मे बिना किसी भेदभाव के लोगो को भाजपा सरकार की योजनाओ का लाभ मिल रहा है। गांव, गरीब, युवा, महिला, वनवासी, दलित, जनजाति ये सब तो कांग्रेस के एजेंडे में थे ही नही।कांग्रेस के नेता तो कहते थे कि देश के संसाधन पर पहला हक मुसलमान का है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने एक ही बात की कि देश पर देश के गरीब, वंचित, दलित नागरिकों का हक है । भाजपा ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया है। पिछले 9 वर्षों से आप देश का उत्थान देख रहे हैं ।कांग्रेस कभी विकास कर ही नही सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लिए 142 करोड़ भारतवासी उनका परिवार है।और कांग्रेस के लिए केवल ” भाई – बहन” कांग्रेस कभी ” भाई – बहन” के आगे जा ही नही सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से ही लोग “गद – गद” थे। उनका भाषण शुरू होते ही हजारो लोगो से भरा दशहरा मैदान बिल्कुल शांत हो गया था हर किसी का ध्यान केवल ” योगी आदित्यनाथ” पर ही था। लोग उन्हें देखना भी चाहते थे और सुनना भी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश मे खड़ी की गई हर समस्या का जवाब दिया है। अब आंतकवादी की घुसपैठ होते ही जवान उनका काम तमाम कर देते हैं। मोदी जी ने जम्मू- कश्मीर से धारा 370 को हटाया। धारा 370 को लगाने वाली भी कांग्रेस ही थी। कांग्रेस ने ही देश को नक्सलवाद ,अलगाववाद , भुखमरी, बेरोजगारी की समस्या दी जिसका का समाधान भाजपा ने किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कोरोना काल से देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देने की व्यवस्था की और इसे पांच साल के लिए आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मंन्त्री आवास, उज्जवला, आयुष्मान सहित अनेक योजना के करोड़ो लाभार्थियों को मिली राहत के साथ उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को रखा।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस आस्था का भी सम्मान भी नही करती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी, केदारनाथ का विकास कराया। पहले काशी में पांच लोग भी मन्दिर में एक साथ नही पहुंच सकते थे आज एक साथ पचास हजार लोग दर्शन कर सकते हैं। मोदी जी ने डॉक्टर अंबेडकर के पांच स्थलों को भी विकसित कराने का कार्य किया है। अयोध्या राम मंदिर के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ” योगी आदित्यनाथ” ने कहा कि कांग्रेस हमारे अस्तित्व पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करती हैं। काशी, केदारनाथ, सोमनाथ, महाकाल ,राम मंदिर क्या कांग्रेस यह सब कर पाती। कांग्रेस इस देश की समस्या और बोझ है। जब हम राम मंदिर आंदोलन चलाते थे तब कांग्रेस हंसी उड़ाती थी। ” कमलनाथ” भी उसी कांग्रेस केबिनेट के सदस्य थे जिसने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया था कि “राम – कृष्ण” का अस्तित्व है ही नही। अब 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में नव निर्मित श्री राम मंदिर का उदघाटन करेंगे। 22 के बाद आप भी अयोध्या आइए। इसके लिए एक काम करिए छिन्दवाड़ा विधानसभा के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू युवा हँ जुझारू है। आप उन्हें जिताकर भोपाल भेज दो वो आपकी अयोध्या की यात्रा पक्की कर देंगे।
सभा में मंत्री भानुप्रताप , छिन्दवाड़ा विधानसभा के प्रत्याशी विवेक बंटी साहू, भाजपा के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष प्रियवर ठाकुर, चुनाव प्रभारी
मृणाल शेखर, संतोष पारिख, शेषराव यादव, कन्हई राम रंघुवंशी, परमजीत विज, विजय पांडेय रमेश पोफली, दौलत सिंह ठाकुर, अरुण शर्मा, संतोष राय, सहित पार्टी पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
विकास के मुद्दे पर की ” कमलनाथ” की घेरेबंदी..
छिन्दवाड़ा के विकास को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भले ही अपने दावे हो पर छिन्दवाड़ा आए देश के सबसे बड़े राज्य उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ” योगी आदित्यनाथ” छिन्दवाड़ा के विकास को लेकर बड़े सवाल खड़े कर गए हैं कि आखिर 40 साल से किसका विकास यहां हो रहा है। दशहरा मैदान में आयोजित भाजपा की जनसभा में उन्होंने कहा कि 40 साल से कमलनाथ यहां से सांसद ,केंद्रीय मंत्री, और मुख्यमंत्री भी रहे हैं फिर भी छिन्दवाड़ा की हवाई पट्टी इतनी छोटी .. उन्होंने कहा कि छिन्दवाड़ा प्राकृतिक सुंदरता और संसाधनों से परिपूर्ण है। विकास की पर्याप्त संभावनाएं हैं लेकिन छिन्दवाड़ा विधानसभा को कांग्रेस ने देश की आजादी के बाद से जानबूझकर विकास और बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा है। यहां 40 साल में कमलनाथ ने केवल अपना विकास किया है।