छिन्दवाड़ा के न्यूटन में कोयला के बाद सतपुड़ा के पहाड़ो पर अवैध उत्खनन
मिट्टी, मुरम , बोल्डर और फाड़ी बेच रहा माफिया

खनिज विभाग कब करेगा कार्यवाही, जेसीबी से खुदाई, ट्रैक्टरों से ढुलाई
♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
अवैध उत्खनन माफिया नदियों की छाती छलनी कर दे या पहाड़ो का सीना चीर दे खनिज विभाग अपनी कुम्भकर्णी निंद्रा से जागता नही है। सौसर में कन्हान नदी चौरई- चांद में पेंच नदी से उत्खनन कर छिन्दवाड़ा की दर्जनों पहाड़ियों को समतल कर करोड़ो रुपया बना चुका है।
माफिया अब सतपुड़ा की खूबसूरत वादियों वाले कोयला अंचल परासिया के न्यूटन में पहाड़ियों को खोदकर गिट्टी, फाड़ी , मुरम ,मिट्टी बेचने में लगा है। यह अवैध कारोबार क्षेत्र में धड़ल्ले से चल रहा है। कोयला अंचल में बंद खदानों सहित अघोषित क्षेत्र से कोयले के अवैध खनन का मामला तो बना ही हुआ है अब पहाड़ो को खोदकर मिट्टी, मुरम ,बोल्डर औरर फाड़ी बेचने का अवैध धंधा यहां फल – फूल रहा है।
दरअसल न्यूटन पहाड़ की तराई में बसी बस्ती है। यहां की जमीन पर मकान बनाने के लिए जमीन को रोड लेबल से मिलाने बड़ी मात्रा में पुराव कई जरूरत होती है। पुराव भरने के लिए ही पहाड़ी का मलबा खोदा जा रहा है। इस धंधे में क्षेत्र में भाजपा के कुछ नेता ऐसे लगे हैं जैसे कि प्रशासन ने उन्हें लायसेंस या ठेका दे दिया हो। पहाड़ की खुदाई के लिए जे सी बी , हिटाची , पोकलेन जैसी मसीने यहां लगवाई गई है यहां ढुलाई के लिए ट्रैक्टरों की कतार लगी रहती है।
न्यूटन में माफिया ने एक पहाड़ी खोदकर अब तक हजारों ट्राली मुरम और मिट्टी बेच दी है। यह सिलसिला पिछले एक साल से चल रहा है किंतु अब तक राजस्व विभाग ने कार्रवाई की है ना ही खनिज बिभाग ने..
जानकारी के अनुसार न्यूटन में बस स्टैंड के समीप वेकोलि के पुराने बंगले के समीप बड़ी पहाड़ी है।इस पहाड़ी की खूबसूरती इतनी है कि यहां देवानंद और हेमामालिनी जैसे अभिनेताओं की फ़िल्म तेरे मेरे सपने की शूटिंग की गई थी।
माफिया यहां अवैध उत्खनन कर मिट्टी – मुरम तो बेच ही रह है पहाडी से जो चट्टाने निकलती है उनकी तुड़ाई कराकर फाड़ी , बोल्डर भी बेच रहा है। इस पहाड़ी से कुछ दूरी पर ही न्यूटन नगर पंचायत का कचरा डंप प्लांट भी है वह यह पहाड़ी चाँदशावली से भी जुड़ी हुई है। यदि इसी तरह अवैध उत्खनन होता रहा तो वो दिन दूर नही जब हम भविष्य में यह खबर सुनने को मिले की न्यूटन में फलाना पहाड़ धसक गया रोड बंद हो गई बस्ती दब गई ,जान माल का नुकसान ही गया आदि .. आदि..
इस मामले में न्यूटन नगर पंचायत के वाशिंदों का कहना है कि पहाड़ी पर अवैध उत्खनन को लेकर कई बार राजस्व अधिकारियों और खनिज विभाग को बताया गया है लेकिन कार्रवाई ना होने से माफिया के हौसले बुलंद हैं। यहां प्रशासन ने आंखे मूंद रखी है।