नवगठित पांढुर्ना जिले में वैशाली महाले को बनाया जिला भाजपा अध्यक्ष, महिला मोर्चा की है प्रदेश मंत्री
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने की नियुक्ति , पांढुर्ना जिले में भाजपा के 12 मण्डल
♦छिन्दवाड़ा मध्यप्रदेश-
भाजपा ने वैशाली महाले को पांढुर्ना का जिला अध्यक्ष बनाया है। प्रदेश में नवगठित चार जिलों पांढुर्ना, मैहर, बड़वानी और मऊगंज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने नए जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इनमे पांढुर्ना की कमान वैशाली महाले को दी गई है। वैशाली महाले भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंन्त्री भी है और अच्छी वक्ता भी है।
छिन्दवाड़ा की दो तहसीलों पांढुर्ना और सौसर को मिलाकर बनाए गए पांढुर्ना जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए दर्जन भर से ज़्यादा नामो पर विचार के बाद वैशाली महाले के नाम पर मोहर लगाई गई है। पांढुर्ना जिले में भाजपा के 12 मंडल है। इनमे पांढुर्ना नगर , पांढुर्ना ग्रामीण, नादनवाड़ी, बड़चिचोली, सौसर नगर ,सौसर ग्रामीण, मोहगांव, पिपला, लोधीखेड़ा बिछुआ, मोहखेड , सांवरी शामिल हैं। छिन्दवाड़ा जिले में भाजपा के 33 मण्डल है। अब छिन्दवाड़ा जिला में 22 मण्डल होंगे।पांढुर्ना जिला भाजपा अध्यक्ष के बाद अब जल्द ही यहां युवा मोर्चा, महिला मोर्चा के साथ ही पार्टी के अन्य मोर्चा और प्रकोष्ठ में भी जिला अध्यक्ष की नियुक्तियां होंगी।
अपनी नियुक्ति पर श्रीमती वैशाली महाले ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा है कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जवाबदारी दी है। संगठन के लिए बेहतर कार्य करते हुए पार्टी के लक्ष्य को पूरा करना उनका मुख्य ध्येय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को देश की संसद और विधानसभाओ में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। महिला हित के लिए अनेक कानून और योजनाए बनाई है और अब बराबरी के साथ संगठन में भी नेतृत्व दिया है।