छिंदवाड़ा : भाजपा कार्यालय से रोजगार का संदेश ,मनरेगा पर सवाल वीबी जीरामजी पर भरोसा ।

छिंदवाड़ा। भाजपा कार्यालय छिंदवाड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद बंटी विवेक साहू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण और विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जीरामजी) को लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया।
सांसद जी ने स्पष्ट किया कि वीबी जीरामजी योजना के तहत अब ग्रामीण श्रमिकों को 125 दिनों का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा और सबसे अहम बात यह है कि कार्य पूर्ण होने के एक सप्ताह के भीतर मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम है।
पत्रकार वार्ता में सांसद ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इस योजना में 60 प्रतिशत अंश केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। गांवों में जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे, आजीविका सृजन तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सांसद साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में मनरेगा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम का उपयोग केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए किया, जबकि उनके आदर्शों को धरातल पर उतारने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आज केंद्र सरकार की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे गांव, गरीब, किसान और श्रमिक सशक्त हो रहे हैं।
सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। पिछले एक दशक में 4 करोड़ पक्के मकान बनाए गए, जिनमें से 32 लाख मकान केवल बीते एक वर्ष में निर्मित हुए। जल जीवन मिशन के तहत 12.5 करोड़ परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया, वहीं उज्ज्वला योजना से 10 करोड़ से अधिक परिवारों को एलपीजी कनेक्शन मिला है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा बढ़कर अब 95 करोड़ नागरिकों तक पहुंच चुका है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 6.75 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।
सांसद ने कृषि और मत्स्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि देश में 330 मिलियन टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन, 150 मिलियन टन चावल उत्पादन के साथ भारत विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक और 200 लाख टन मछली उत्पादन के साथ दूसरा सबसे बड़ा मत्स्य उत्पादक देश बन चुका है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक निःशुल्क उपचार प्रदान किए गए हैं।
इस पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह, पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सक्सेना, लखन वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















